बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में रोज दिन कोरोना के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। चंद दिनों के भीतर ही प्रदेश में कोरोना पॉजिटिविटी दर 4.14 प्रतिशत पहुंच गया था, जबकि पखवाड़े भर पहले यही आंकड़ा एक फीसदी से कम था। इसी बीच बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, जहां एक कोरोना मरीज की मौत हो गई है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ही यह दूसरी मौत सामने आई है, जो 15 दिनों के भीतर हुई है। इससे पहले एक महिला ने दम तोड़ा था।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक जिस संक्रमित की मौत हुई है, वह ग्रामीण इलाके से है। इससे अब कोरोना का संक्रमण ग्रामीण क्षेत्र में फैलने की आशंका है। बताया जा रहा है कि रतनपुर क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में रहने वाले 45 वर्षीय पुरुष को पिछले कुछ दिनों से हाथ पैर में दर्द की शिकायत थी, जिसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसकी कोरोना जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। प्राइवेट अस्पताल में कोरोना मरीज का गाइडलाइन के अनुसार इलाज चल रहा था। रविवार देर रात उसकी मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ में कोरोना सक्रिय मरीजों के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो अब सैकड़ा पार होकर 113 पहुंच गया है। रविवार को प्रदेश में 22 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी। रायपुर में 7, बिलासपुर में 7 के अलावा सरगुजा, जशपुर और कोंडागांव में 2-2 नए मरीज मिले हैं। इस तरह से आंकड़ों पर गौर किया जाए, तो लगातार इजाफा हो रहा है।