रायपुर

पीएम मोदी आएंगे छत्तीसगढ़... निराश भाजपा विधायकों में लौटी खुशी... करेंगे आमसभा, बैठक के भी आसार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ सकते हैं। हालांकि उनके प्रवास को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन संभावनाओं को प्रबल बताया जा रहा है। इस खबर के साथ ही प्रदेश के निराश भाजपा विधायकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। 

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार मई के पहले-दूसरे सप्ताह में पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा बनने की पूरी उम्मीद है। बताया जा रहा है कि वे भारत माला प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ सकते हैं। प्रदेश में भारत माला परियोजना के तहत अभनपुर से सिहावा और बिलासपुर से उरगा, दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जारी हैं। इनमें बिलासपुर-उरगा प्रोजेक्ट लगभग पूरा होने की ओर है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का दौरा तय माना जा रहा है। 

विदित है कि प्रदेश के भाजपा विधायकों ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के लिए समय मांगा था। उन्हें 5 अप्रैल की तारीख दी गई थी, लेकिन सोमवार रात इस मुलाकात को फिलहाल निरस्त किए जाने की जानकारी नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को पीएमओ ने फोन पर दी, जिसके बाद विधायक दल में निराशा छा गई थी। लेकिन अब प्रधानमंत्री के दौरे की संभावना को लेकर एक बार फिर मुस्कान खिल गई है। 

पीएम मोदी के दौरे को लेकर संभावनाओं के बीच चर्चा है कि वे प्रदेश दौरा के दौरान आमसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रदेश भाजपा के 14 विधायकों और सांसदों के अलावा राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की बैठक भी ले सकते हैं। हालंाकि उनके दौरे की तारीख के साथ ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ में मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम कैसा होगा।