रायपुर

खुद को डीएसपी का बेटा बताया... ऑटो वाले पर जमाता रहा धौंस... पुलिस ने धर दबोचा... तो खुल गई कलई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक युवक ने खुद को डीएसपी का बेटा बताते हुए भरे बाजार में धौंस जमाने की कोशिश की। लेकिन गिरफ्तारी के बाद उसकी सारी धौंसगिरी धरी की धरी रह गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह मौदहापारा इलाके में गुरुनानक चौक के पास एक स्कूटर और ऑटो में छोटी सी टक्कर हो गई। इस पर स्कूटर सवार युवक जिसका नाम आशुतोष पिता महेन्द्र सिंह बताया जा रहा है, ताव-ताव में स्कूटर से उतरा और एक बड़ा सा पत्थर हाथ में लेकर ऑटो चालक को धमकाने लगा। 

ऑटो चालक ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने के बजाय अपनी दंबगई दिखाता रहा और खुद को डीएसपी का बेटा बताता रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने वीडियो रिकार्ड करना शुरु कर दिया, तो उसने खुद को डीएसपी चंद्रप्रकाश तिवारी का बेटा होना बताते हुए और माहौल बनाने का प्रयास किया। 
 

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की सुध ली और युवक को धर दबोचा। तब जाकर बात सामने आई कि वह डीएसपी का बेटा होने की झूठी धौंस दिखाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में युवक को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस अधिकारी के नाम का दुरुपयोग करने का प्रकरण भी उसके खिलाफ दर्ज किया गया है।