रायपुर

सीएम बघेल लौट आए राजधानी... सांसद बैज अब भी दिल्ली में ही डटे... प्रदेश संगठन की कमान लेकर लौटने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन के मुखिया की कमान बदले जाने के कयास को अब और ज्यादा बल मिलने लगा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद दीपक बैज को दिल्ली तलब किया जाना, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन से अचानक मुलाकात होना, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को साथ नहीं ले जाना, जैसी तमाम बातें इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि पीसीसी चीफ की कमान बदली जा सकती है। 

एक दिन पहले यानी मंगलवार की तस्वीर कुछ ऐसी थी, इसके बाद सीएम बघेल रायपुर लौट आए, इससे पहले सांसद बैज ने सीएम बघेल से दिल्ली में मुलाकात की थी, उनके बीच चर्चाएं भी हुईं थी। प्रदेश कांग्रेस के दिग्गजों की वापसी के बावजूद सांसद बैज दिल्ली में ही बने हुए हैं। वहीं पार्टी के आला नेताओं से लगातार उनकी मुलाकात चल रही है, लिहाजा राजनीतिक पंड़ितों का मानना है कि सांसद दीपक बैज को आगे की रणनीति क्या होगी, इस बात के संकेत मिल चुके हैं। 

छत्तीसगढ़ में इस बात को लेकर कांग्रेस नेताओं ने फिलहाल चुप्पी साध ली है, वहीं पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने यह कहते हुए सरेंडर कर दिया है कि वे कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं और आलाकमान का जैसा निर्देश होगा, उसका निर्वहन वे करते रहेंगे। ऐसे में यह माना जा रहा है कि उन्होंने परिवर्तन के लिए अपनी मौन सहमति दे दी है।