टोल फ्री नंबर 104 पर करें काल और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार देगी 20 लाख रुपये
2023-04-08 10:42 AM
360
रायपुर। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अच्छा काम कर रही छत्तीसगढ़ सरकार अब गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद को 20 लाख रुपये तक की सहायता कर रही है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को इस योजना का लाभ उठाना हो तो उसे सिर्फ टोल फ्री नंबर 104 में काल करना होगा। बता दें कि अब तक इस योजना से 2,643 लोगों को मदद मिल चुकी है।
गंभीर बीमारी जैसे कैंसर, थैलेसीमिया मेजर, हीमोफिलिया, फेफड़े, किडनी और लीवर ट्रांसप्लांट, कॉक्लीयर इम्प्लांट, हृदय, मस्तिष्क और मेरूदंड से संबंधित जटिल ऑपरेशन में खर्च इतना होता है कि गरीब के साथ मध्यम वर्गीय परिवार के लिए पैसे की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में जरूरतमंदों के लिए मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना वरदान साबित हो सकता है।
बता दें कि मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना से मदद की आवश्यकता है तो आपको सिर्फ टोल फ्री नंबर 104 पर कॉल करना होगा। इसमें कॉलिंग के लिए कुछ खर्च भी नहीं होगा। वहीं आप चाहें तो इस योजना का लाभ उठाने के लिए जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से भी संपर्क कर उन्हें विस्तृत जानकारी दे सकते हैं।