रायपुर

BIG NEWS : रायपुर बना हॉट स्पॉट... एक ही दिन में 40 नए संक्रमित... पॉजिटिविटी रेट 7.61 पहुंचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना की बढ़ती रफ्तार स्पष्ट नजर आ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में औसतन जांच में कमी आई। शुक्रवार को केवल 959 लोगों ने कोरोना जांच कराई, जिसमें कुल 73 लोग संक्रमित पाए गए। इसमें सबसे ज्यादा 40 मरीज राजधानी रायपुर से निकले हैं। इससे रायपुर में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 120 पहुंच गई है। इसके बाद दूसरे नंबर पर बिलासपुर है, जहां 45 सक्रिय मरीज हैं, तो तीसरे नंबर पर दुर्ग है, जहां पर 41 सक्रिय मरीज हैं। 

छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों पर नजर डाली जाए तो शुक्रवार को जीपीएम और बिलासपुर में 7—7 मरीज मिले हैं, वहीं दुर्ग में 6 नए मरीजों की पुष्टि की गई है। सक्रिय मरीजों के मामले में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग के अलावा राजनांदगांव, धमतरी और कोंडागांव में क्रमश: 39, 37 और 31 मरीज हैं। 

देशभर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या में छत्तीसगढ़ भी शामिल हो गया है, जहां पर प्रतिदिन नए कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। एक दिन पहले गुरुवार को प्रदेश में 102 नए मरीज मिले थे, जिसके बाद शुक्रवार को 73 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक पॉजिटिविटी दर अब 7.61 पहुंच गया है। 

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए एक दिन पहले ही शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने उच्च स्तरीय बैठक ली थी, जिसमें सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और स्वास्थ्य सचिवों से चर्चा करते हुए जांच के दायरे को बढ़ाने के साथ आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाए जाने और आपात स्थिति के लिए तैयार होने पर जोर दिया है।