रायपुर

दिल्ली से लौटने के बाद... स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव का बड़ा बयान... किस बात को लेकर किया आगाह, पढ़िए

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव शुक्रवार शाम को दिल्ली से रायपुर लौटे। इससे पहले मंत्री सिंहदेव कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के लिए उनके सरकारी निवास 10 जनपथ पहुंचे थे। जहां पर सोनिया गांधी से उनकी व्यक्तिगत चर्चा हुई है। हालांकि इस बारे में सिंहदेव ने कुछ नहीं कहा और सौजन्य भेंट की बात कहते हुए टाल गए। 

वहीं उन्होंने देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को लेकर कहा कि 'कोरोना अभी कहीं नहीं गया है। समय के साथ इसमें उतार-चढ़ाव आता रहेगा। पिछले 4 महीने में कोरोना से किसी की मृत्यु नहीं हुई। पिछले महीने और इस महीने 2 लोगों की मृत्यु हुई है। अब फिर से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। सभी को सावधानी बरतनी चाहिए।'
 

मंत्री सिंहदेव ने दावा किया है कि प्रदेश में कोरोना को लेकर सरकार पूरी तरह से सतर्क है और स्वास्थ्य विभाग हर तरह की आपदा से निपटने के लिए तैयार भी है। मंत्री सिंहदेव ने कहा कि बीते साल कोरोना की लहर आई थी, तब सरकार ने पहले से तैयारी कर ली थी। संक्रमित हुए लोगों का बेहतर उपचार किया गया। हालांकि इस दौरान मौतें भी हुईं, लेकिन कोशिश में किसी तरह की कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस बार भी पूरी तैयारी कर ली गई है।