महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस की जगह नए चेहरे की तलाश हो रही है। महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा इस वक्त जोरदार तरीके से चल रही है, तो दूसरी तरफ चर्चा इस बात की भी गर्म है कि संवैधानिक पद का दायित्व संभाल रहे राज्यपाल रमेश बैस की एक बार फिर सक्रिय राजनीति में वापसी हो सकती है और उन्हें छत्तीसगढ़ में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता रमेश बैस को हाल ही में महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य के राज्यपाल का दायित्व दिया गया है। अब उनकी जगह नए चेहरे की तलाश शुरू होने की खबरें फिलहाल चर्चा में है। इसके पीछे जो तर्क सामने आ रहा है, उसके मुताबिक उन्हें छत्तीसगढ़ में अह्म दायित्व सौंपे जाने की चर्चा है, हालांकि इस विषय को लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त मिली थी और 15 सालों तक छत्तीसगढ़ की सत्ता में काबिज रहने वाला भाजपा महज 15 सीटों पर सिमटकर रह गई थी। वहीं साल 2019 के लोकसभा चुनाव भाजपा ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में भी बदलाव किया था, और रायपुर लोकसभा से 7 बार के सांसद रहे रमेश बैस की जगह पूर्व महापौर सुनील सोनी को टिकट दे दिया था।
अब चर्चा इस बात की तेज हो गई है कि साल 2023 के विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल रमेश बैस को सक्रिय राजनीति में वापस लाकर भाजपा नया संदेश देना चाह रही है। बहरहाल इस विषय पर आधिकारिक पुष्टि तक इंतजार करने की आवश्यकता है।