रायपुर

खुद को पुलिस अधिकारी बताकर नौकरी लगाने के नाम पर की ठगी, पहुंचा सलाखों के पीछे

रायपुर। राजधानी पुलिस ने खुद को पुलिस क बड़ा अधिकारी बताकर नौकरी लगाने के नाम ठगी करने वाले आरोपी निलंबित आरक्षक संजीव मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रूबी ब्यूटी पार्लर की संचालिका को अपना शिकार बनाया था। आरोपी ने पीडिता से 16 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।  बतादें कि आरोपी के विरुद्ध रायपुर, नारायणपुर, बीजापुर एवं सुकमा में अपराध दर्ज है। पुलिस द्रोह उद्दीपन तथा अपराधिक षडयंत्र के प्रकरण, जिसमें आरोपी जेल जा चुका है।

सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता रीना सोनी पंचशील नगर में ब्यूटी पार्लर चलाती है। प्रार्थिया के ब्यूटी पार्लर में संजीव मिश्रा नामक व्यक्ति आता-जाता रहता था, जिसने स्वयं को पुलिस विभाग में बड़े अधिकारी पद में होना बताया था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पुलिस विभाग और वन विभाग में भर्ती के लिए विज्ञापन निकला था। जिसमें संजीव मिश्रा द्वारा प्रार्थिया को यदि पुलिस विभाग और वन विभाग में किसी की भर्ती कराना है तो अपने परिचितों से सम्पर्क कर लो मैं भर्ती करा दूंगा कहते हुए अपने परिचितों से कुछ रकम एडवांस ले लेना तथा शेष रकम काम होने के बाद ले लेना कहा गया था। जिस पर प्रार्थिया ने संजीव मिश्रा के पद एवं बातों पर विश्वास कर 11 दिसंबर 2021 को अपने परिचित कमलेश चंद्र से 10 लाख रूपये, सागर ठाकुर से 3 लाख रूपये तथा विपिन सिंह से 3 लाख रूपये लेकर कुल 16 लाख रूपये प्रार्थिया द्वारा कमलेश चंद्र एवं विक्की विश्वकर्मा के समक्ष दिये गये थे।

पैसे लेने के बाद संजीव ने प्रार्थिया तथा उसके परिचितों को विश्वास दिलाया गया था कि उपरोक्त विज्ञापित भर्तियों में भर्ती हो जाएगी किन्तु भर्ती का परिणाम आने उपरांत जब प्रार्थिया के परिचितों का चयन नही हुआ तब प्रार्थिया ने संजीव से संपर्क करना चाहा, लेकिन उसका फोन बंद आया। कुछ दिनों बाद जब संपर्क हुआ तो प्रार्थिया ने भर्ती के संबंध में पूछताछ की तो संजीव गोलमोल जवाब देने लगा। जिसके बाद पीड़िता थाने पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिऱफ्तार किया है। आरोपी निलंबित आर. संजीव मिश्रा के विरूद्ध जिला रायपुर के थाना टिकरापारा, जिला नारायणपुर, जिला बीजापुर और सुकमा में भी अपराध दर्ज है।