रायपुर

छत्तीसगढ़ में कोरोना की बढ़ी रफ्तार... एक ही दिन में 476 नए मरीज... एक्टिव मरीजों की संख्या 22 सौ के पार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार हर दिन बढ़ती जा रही है। सोमवार को कुल 5620 सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 476 लोग पॉजिटिव पाए गए। प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 8.47 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। सोमवार को भले ही कोरोना मरीज की जान नहीं गई है, लेकिन प्रदेश में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, चिंता बढ़ाने वाले हैं। 
 

प्रदेश में इस समय कुल 33 जिले हैं, जिसमें से स्वास्थ्य विभाग केवल 28 जिलों के ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा जारी कर रहा है। इन 28 जिलों में से एक भी जिला ऐसा नहीं है, जहां पर कोरोना प्रभावित ना हो। राजधानी रायपुर में सोमवार को 53 नए मरीज पाए गए, जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या अब 268, इसी तरह राजनांदगांव में 50 नए मरीज मिले, जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 174, दुर्ग में 33 नए मरीजों के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 183 पहुंच गया है। 
 

प्रदेश में पिछले एक महीने के भीतर कोरोना प्रभावित 5 लोगों की मौत भी हो चुकी है। प्रदेश में इस बार कोविड की वजह से फिलहाल बड़ी अप्रिय स्थिति का सामना नहीं अभी तक नहीं करना पड़ा, लेकिन जिस तरह से हर दिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, वह बड़ी चिंता का सबब बन सकता है।