रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने समय को लेकर एक बार फिर बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश में लू जैसे हालात और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने विषय की समीक्षा के बाद निर्णय लेते हुए स्कूल लगाए जाने के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है।
जारी नए आदेश के तहत अब बच्चों के लिए स्कूल का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं जिन स्कूलों में दो पालियों में कक्षाएं संचालित हो रही हैं, वहां दूसरी कक्षाओं के लिए सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक समय निर्धारित किया गया है।
समय परिवर्तन को लेकर लोक शिक्षण विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों को सर्कुलर जारी कर दिया है और सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया है। बता दें कि यह आदेश केवल सरकारी स्कूलों के लिए नहीं, बल्कि प्रदेशभर में संचालित निजी स्कूलों पर भी लागू होगा, जिसका पालन अनिवार्य है।
इस विषय को और भी स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि नर्सरी से लेकर प्रायमरी और मिडिल की कक्षाएं सुबह की ही पाली में लगाई जाएंगी। दूसरी पाली में केवल हाई और हायर सेकेंड्री के बच्चों को बुलाया जाएगा।