रायपुर

एक्सिस बैंक फर्जीवाड़ाः आरोपी सलीम बैंगलुरू से गिरफ्तार, अब तक 10 गिरफ्त में

रायपुर। राजधानी पुलिस ने डूंडा स्थित एक्सिस बैंकम  हुए फर्जीवाड़ा के मामले में एक अन्य आरोपी इसरार सलीम को बैंगलुरु से गिरफ्तार कर ट्रांजिस्ट रिमाण्ड पर रायपुर लाई। प्रकरण में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने मामले में अब तक 2 करोड़ 34 लाख रूपये नकदी रकम जब्त किया है। वहीं अलग - अलग बैंक खातों में जमा 1 करोड़ 18 लाख रूपये को होल्ड कराया गया है। इस प्रकार कुल 3 करोड़ 52 लाख रुपये जब्त और होल्ड किए गए है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अन्य राज्यों में टीमें रवाना की गई है। 
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक्सिस बैंक रायपुर के कलस्टर हेड बी आनंद ने मुजगहन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि छत्तीसगढ़ राज्य कृषि मण्डी बोर्ड के बैंक खाता क्रमांक 900010025774139 जिसमें सतीश वर्मा एवं चन्द्रभान सिंह ने अपने सहयोगी अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी तरीके से चेक बुक जारी कराया। सभी ने जारी चेक बुक के माध्यम से फर्जी तरीके से रकम स्थानांतरित कराया एवं उन्हीं चेक बुक के माध्यम से अन्य बैंक खातों में फर्जी तरीके से रकम स्थानांतरित कराया। इस प्रकार आरोपियों द्वारा बैंक को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने और बेईमानी के ईरादे से स्वयं के लाभ के लिए अवैधानिक तरीके से छल कर कूटरचना कर बैंक से करीबन 16,40,12,655/- रूपये का धोखाधड़ी किया। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध पंजीबद्ध किया गया। 
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में प्रकरण में 5 आरोपियों को रायपुर और दुर्ग, 2 आरोपियों को हैदराबाद, 1 आरोपी को बैंगलोर तथा 1 आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपी कर्नाटक निवासी इसरार सलीम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सलीम ने बताया कि उसने अपने जम्मू एवं कश्मीर के खाते में 1,98,38,998/- रूपये प्राप्त कर अपनी पत्नी, भाई तथा अन्य परिचितों के खाते में ट्रांसफर कर दिया तथा कुछ पैसे स्वयं पर खर्चा कर दिया। जिस पर आरोपी इसरार सलीम को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमाण्ड पर रायपुर लाया गया है।