शहर के स्पा सेंटर और होटलों मे पुलिस की छापामार कार्रवाई, चार के खिलाफ लगा पीटा एक्ट
2023-04-24 10:05 AM
261
रायपुर। रायपुर पुलिस ने देह व्यापार के विरूद्ध विशेष छापामार कार्यवाही की। इस दौरान शहर के विभिन्न स्पा सेंटरों एवं होटलों में छापे मारे गये। पुलिस की अलग-अलग 6 टीमें गठित कर शहर के विभिन्न स्पा सेंटर एवं होंटलों में दबिश दी गई। छापामार कार्यवाही के दौरान थाना तेलीबांधा, गोलबाजार एवं आमानाका स्थित स्पा सेंटरों व होटलों में देह व्यापार का संचालन पाया गया। पुलिस ने तीन आरोपी एक महिला आरोपी के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की। देह व्यापार में संलिप्त कुल 20 महिलाओं को संबंधित थाना लाकर उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत कुछ दिनों से कुछ स्पा सेंटरों एवं होटलों में देह व्यापार होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थी। शिकायत को रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने अलग-अलग 6 टीमें गठित कर शहर के विभिन्न स्पा सेंटरों एवं होटलों में छापेमार कार्यवाही की।
थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत मरीन ड्राईव के सामने स्थित बुद्धा स्पॉ सेंटर में स्पॉ सेंटर के संचालक हितेश चौहान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 1 नग मोबाईल फोन तथा बेबीलॉन टॉवर बी ब्लॉक के प्रथम तल स्थित मोक्ष स्पॉ सेंटर के संचालक मन्नू सोनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 1 नग मोबाईल फोन जब्त कर आरोपियों के विरूद्ध पीटा एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्यवाही करने के साथ ही देह व्यापार में संलिप्त 12 महिलाओं को भी थाना लाकर उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।
थाना गोलबाजार क्षेत्रांतर्गत होटल मेजबान के मैनेजर अशोक ताण्डी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 1 नग मोबाईल फोन जब्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना गोलबाजार में धारा 4, 5, 7 पीटा एक्ट का अपराध पंजीबद्ध करने के साथ ही देह व्यापार में संलिप्त 6 महिलाओं को भी थाना लाकर उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।
थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत उदया सोसायटी स्थित होटल कैपटाउन की आरोपी महिला मैनेजर को गिरफ्तार कर महिला आरोपी के विरूद्ध थाना आमानाका में पीटा एक्ट का अपराध पंजीबद्ध करने के साथ ही देह व्यापार में संलिप्त 2 महिलाओं को भी थाना लाकर उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस ने इनको किया गिरफ्तार
हितेश चौहान गंगा विहार ड्रीम होम अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर, मन्नू सोनी अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर, अशोक ताण्डी हीरापुर थाना टीमनपुर जिला नुआपाड़ा ओड़िसा को गिरफ्तार किया है।