तहसीलों में आज काम बंद: महिला विधायक द्वारा तहसीलदार से दुर्व्यवहार और ट्रांसफर के खिलाफ नाराजगी
2023-04-24 12:53 PM
294
रायपुर। छत्तीसगढ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर छत्तीसगढ़ के सभी तहसीलों में आज से काम बंद हो गया है। अपनी मांगों को लेकर प्रदेश भर के तहसीलदार व नायब तहसीलदार आज सामूहिक अवकाश पर है। तहसीलदार व नायब तहसीलदार राजधानी रायपुर में अपनी मांगो को लेकर धरना देंगे। जिसके चलते दूर- दराज के इलाकों से आने वाले ग्रामीणों को भटकना पड़ेगा।
छत्तीसगढ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर 13 सूत्रीय मांगो को लेकर आज प्रदेश भर के तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने सामूहिक अवकाश पर है। प्रदेश भर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार राजधानी के धरना स्थल पर जुट रहे हैं। तहसीलदारों ने अपने-अपने जिलो में 3 अप्रैल को अपनी मांगों को पूरा करने के लिए मुख्य सचिव व सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव के नाम कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा था।
प्रदेश भर के तहसीलदार व नायब तहसीलदारों ने अपनी मांगों को लेकर 19अप्रैल से 23 अप्रैल तक काली पट्टी बांध कर काम किया था। पर मांगे पूरा नही होने पर आंदोलन के दूसरे चरण में कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले प्रदेश के सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदारों ने आज सामूहिक अवकाश लिया है। सभी रायपुर स्थित धरना प्रदर्शन स्थल में जुट रहे है।