रायपुर

'माता कौशल्या महोत्सव' का समापन आज... कैलाश खेर की भक्ति गीतों से गूंजेगा कौशल्या धाम... देवेश शर्मा भी देंगे प्रस्तुति

रायपुर। विश्व के एकमात्र कौशल्या माता मंदिर में 22 अप्रैल से जारी 'माता कौशल्या महोत्सव'का आज शाम समापन होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दो दिन पहले इस महोत्सव का शुभारंभ किया था, जिसमें दूसरे दिन रविवार को मैथिली ठाकुर ने प्रस्तुति दी थी। और आज कैलाश खेर की भक्ति गीतों के साथ इस महोत्सव का समापन होगा। 

​उल्लेखनीय है कि विश्व का एकमात्र कौशल्या माता मंदिर छत्तीसगढ़ के चंदखुरी में स्थित है। नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय माता कौशल्या महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आज महोत्सव के तीसरे दिन का समापन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विशिष्ट आतिथ्य में होगा। इस दौरान देश के मशहूर गायक पद्मश्री कैलाश खेर अपने भक्तिमय गीतों से माता कौशल्या धाम में दर्शकों के सामने अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगे।

इसके साथ ही मुंबई की मशहूर गायिका तृप्ति शाक्या, रायगढ़ के देवेश शर्मा के भक्तिमय गीत संगीत के साथ ही स्थानीय महिला मानस मंडली के द्वारा रामायण मानस गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। गौरतलब है कि राम रामायणी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए रामायण मानस मंडली कलाकारों को सम्मान देने की परंपरा की शुरूआत की गयी है। इसके तहत राज्य सरकार द्वारा प्रति मानस मंडली को 5 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।