सरकारी काम का ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
2023-04-26 09:46 AM
270
रायपुर। एलईडी लाईट, सोलर पेनल एवं सोलर एनर्जी का कार्य दिलाने का झांसा देकर करोड़ो रुपये की ठगी करने वाले समृद्धि फर्म इंटरप्राईजेस के संचालक शैलेन्द्र बघेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़ितों को प्रदेश के जिले, ग्रामों एवं नगर पंचायतों में काम दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी शैलेंद्र समृद्धि फर्म इंटरप्राईजेस का संचालक जो शासकीय विभागों में कुछ-कुछ सामग्रियों की सप्लाई करता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने स्वयं की पहचान शासकीय विभाग के बड़े अधिकारियों से होना बताकर प्रार्थी एवं अन्य का भरोसा जीता था। आरोपी ने अगस्त 2021 से दिसंबर 2022 तक अलग-अलग किश्तों में कुल 4 करोड़ 39 लाख रुपये की ठगी किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुशील शर्मा निवासी सुन्दरनगर रायपुर ने 24 अप्रैल 2023 को थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके परिचित शैलेन्द्र बघेल ने स्वयं को शासकीय विभागों में अच्छी जान पहचान होना बताकर प्रत्येक जिले, ग्राम एवं नगर पंचायतों में सिविल कार्य दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग किश्तों में कुल 4 करोड़ 32 लाख रुपये की ठगी की।
करोड़ों रुपये की ठगी की घटना को एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने गंभीरता से लिया। पुलिस ने घटना के संबंध में प्रार्थी एवं उसके पार्टनरों से विस्तृत पूछताछ कर आरोपी की पतासाजी करते हुए आरोपी शैलेन्द्र बघेल को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी द्वारा करोड़ो रुपये की ठगी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जिस पर आरोपी शैलेन्द्र बघेल को गिरफ्तार कर उसका पुलिस रिमाण्ड लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।