नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाला पूर्व हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार
2023-04-29 10:51 AM
260
रायपुर। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 35 लाख रुपये ठगी करने वाले दो आरोपी को डीडीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी राकेश बैस पूर्व हिस्ट्रीशीटर है। राकेश ने प्रार्थी के परिवार के सदस्यों को नौकरी लगाने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी की।
डीडीनगर पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार एलआईजी 2/40 सेक्टर 4 दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी रामनारायण राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्तमान में जिला मुंगेली में रहता है। वह सीआईएसएफ में आरक्षक के पद पर वर्ष 2018 में रायपुर एयरपोर्ट में पदस्थ था। इसी दौरान मंडी निरीक्षक, उप निरीक्षक खादय निरीक्षक, अन्य विभागों में भर्ती हेतु 2021-2022 में नियुक्ति निकला था। जिसमें प्रार्थी तथा उसके परिवार के सदस्यों ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया था।
इसी दौरान प्रार्थी के परिवार के अन्य सदस्य प्रार्थी के घर जाकर नौकरी के संबंध में प्रार्थी के पड़ोसी राकेश सिंह बैस से चर्चा किए तब राकेश सिंह बैस ने प्रार्थी से कहा कि उसकी बहुत ऊपर तक पहचान है, मैं तुम्हारे रिश्तेदारों को नौकरी में लगवा दूंगा, जिसके लिए पैसे देने होंगे। जिस पर प्रार्थी ने अपने परिवार के सदस्यों से बात कर उनकी नौकरी लगाने के लिए राकेश सिंह बैस के कहे अनुसार 8 जनवरी 2022 से 5 अप्रैल 2022 के मध्य अलग-अलग किश्तों में कुल 35 लाख रुपये राकेश डी.डी.नगर स्थित आवासगृह के उसके ऑफिस में पीए ओम नारायण को दिए। लेकिन किसी की नौकरी नहीं लगी। राकेश ने पैसे लौटा देने की बात कहीं, लेकिन अब तक पैसे नहीं लौटाए।
मामले की शिकायत पर डीडीनगर पुलिस ने आरोपी राकेश बैस और उसके पीए ओम नारायण को गिरफ्तार किया। आरोपी राकेश बैस थाना डीडीनगर का पुराना हिस्ट्रीशीटर है। राकेश के विरूद्ध थाना डीडीनगर, पुरानी बस्ती, आजाद चौक एवं आमानाका में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, उद्यापन सहित अन्य मामलों के एक दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध है, जिनमें आरोपी जेल निरूद्ध रह चुका है।