मानवता को समर्पित रोटरी क्लब की "आहार सेवा", चिंताहरण मंदिर में जरूरतमंदों को कराया भोजन
रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा सेवा और मानवता के मूल्यों को समर्पित "आहार सेवा" कार्यक्रम का सफल आयोजन 3 अगस्त को चिंताहरण हनुमान मंदिर, चौबे कॉलोनी में किया गया। इस अवसर पर क्लब के सभी सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच प्रेम, सम्मान और करुणा के साथ भोजन वितरण किया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद आनंद अग्रवाल विशेष रुप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रति अपनी सेवा भावना को साकार करते हुए जरूरतमंद लोगों तक पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन पहुंचाना था। करुणा के साथ और प्यार बांटने की भावना के साथ आयोजित इस सेवा कार्य में लगभग 300 लोगों को भोजन परोसा गया। उपस्थित लोगों ने रोटरी क्लब के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा करना है और "आहार सेवा" उसी दिशा में एक सार्थक पहल है। सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने बताया कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका (चेयरपर्सन) रोटेरियन ऋचा अग्रवाल के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और भोजन वितरण को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि "एक समय का भोजन भी किसी के जीवन में मुस्कान ला सकता है।" रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।