रायपुर

"छात्र जीवन पूरे जीवन का सबसे स्वर्णिम समय होता है"- पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला

रायपुर। "छात्र जीवन पूरे जीवन में सबसे अच्छा और स्वर्णिम समय होता है। इस पड़ाव पर छात्र जैसा संकल्प लेते हैं, उनका भविष्य वैसा ही आकार लेता है। विद्यार्थी जीवन के निर्माण में प्राध्यापकों की भूमिका बहुत महती होती है, जो उन्हें सही और गलत का भेद सिखाकर समाज के लिए एक आदर्श नागरिक बनाते हैं।  उक्ताशय के विचार रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में  नवप्रवेशित छात्रों के दीक्षारंभ समारोह में कहीं। इस गरिमामयी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करना और उन्हें कॉलेज के अनुशासित एवं समृद्ध माहौल से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पुरानी बस्ती के जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी और महाविद्यालय के तकनीकी सलाहकार अनुराग अग्रवाल ने संस्थान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए नए छात्रों को निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। महाविद्यालय के निदेशक डॉ. वीके अग्रवाल ने नए छात्रों को संबोधित करते हुए अपने विशेष विचार साझा किए। उन्होंने कहा, "आज का युग केवल डिग्री हासिल करने का नहीं, बल्कि कौशल  और ज्ञान को धरातल पर उतारने का है। हमारा संस्थान विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करता है। नए छात्र कॉलेज की सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और अपने भीतर छिपी प्रतिभा को बाहर लाएं।"

महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने छात्रों को जीवन में नैतिक मूल्यों  के महत्व को समझाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "सफलता की ऊंचाइयों को छूने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना सबसे जरूरी है। कॉलेज जीवन आपको आत्मनिर्भर बनने का अवसर देता है। अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं, समय का प्रबंधन  सीखें और संस्थान के गौरव को आगे बढ़ाएं।"

इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित सभी महत्वपूर्ण विभागों जैसे कॉमर्स (वाणिज्य), कंप्यूटर साइंस (कंप्यूटर विज्ञान), पत्रकारिता (जर्नलिज्म) और समाजकार्य (सोशल वर्क) विभाग की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागाध्यक्षों ने छात्रों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और भविष्य में करियर की असीम संभावनाओं से रूबरू कराया।

नए छात्रों के मनोरंजन और आपसी जुड़ाव को बढ़ाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सीनियर और जूनियर छात्रों ने मिलकर बेहतरीन सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। इसके अलावा नए छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के वरिष्ठजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र राजपूत ने  धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा, "हम इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि जो विश्वास आपने हमारे संस्थान पर जताया है, उस पर हम पूरी तरह खरे उतरेंगे।  कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंच संचालन पत्रकारिता विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ आकांक्षा दुबे ने किया , कार्यक्रम प्रभारी डॉ डॉली पांडे और सहप्रभारी डॉ शोभा अग्रवाल साथ ही सभी प्राध्यापकों की भूमिका भी आज के कार्यक्रम में महत्वपूर्ण रही।