रायपुर

शकुंतला फाउंडेशन का "आचार्य शिरोमणि सम्मान समारोह" 30 अगस्त को

रायपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ द्वारा "आचार्य शिरोमणि सम्मान समारोह 2026" का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 30 अगस्त 2026, रविवार को वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षकों को "आचार्य शिरोमणि सम्मान" से सम्मानित किया जाएगा।

शकुंतला फाउंडेशन की अध्यक्षा ने बताया कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं। उनके त्याग और मेहनत से ही समाज का निर्माण होता है। इस समारोह के माध्यम से हम उन शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करना चाहते हैं जिन्होंने शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समारोह में प्रदेश के गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं शिक्षकों के अनुभव साझा करने का सत्र भी रखा गया है। समारोह में पंजीयन कराने हेतु स्मिता सिंह, विशाल मिश्रा से संपर्क करें। शकुंतला फाउंडेशन ने सभी शिक्षकों, शिक्षक संगठनों एवं शिक्षा प्रेमियों से इस गरिमामयी कार्यक्रम में उपस्थित होकर शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।