दो दशक बाद रायपुर बनेगा फार्मेसी शिक्षा का वैश्विक मंच, APTICON 2026 में जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ
रायपुर। एसोसिएशन ऑफ फार्मास्युटिकल टीचर्स ऑफ इंडिया (APTI), छत्तीसगढ़ स्टेट ब्रांच द्वारा यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी (UIOP), पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सहयोग से APTI के 28वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी APTICON 2026 के संबंध में हितधारकों की परामर्श बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर APTICON 2026 राष्ट्रीय संगोष्ठी के ब्रोशर का औपचारिक विमोचन भी किया गया।
APTICON 2026 का आयोजन 24–25 अक्टूबर 2026 को रायपुर, छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित है। लगभग दो दशक बाद रायपुर में आयोजित होने जा रहे इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश-विदेश के फार्मेसी शिक्षक, विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय संगोष्ठी की तैयारियों, विभिन्न शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों तथा प्रदेश के फार्मेसी संस्थानों की सक्रिय सहभागिता के संबंध में विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम में डॉ. अम्बर व्यास ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने APTI के उद्देश्यों, गतिविधियों तथा Vision एवं Mission के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फार्मेसी शिक्षा, शिक्षकों के अकादमिक एवं व्यावसायिक विकास तथा फार्मास्युटिकल अनुसंधान को बढ़ावा देने में APTI की भूमिका पर प्रकाश डाला।
डॉ. दीपेन्द्र सिंह, वाइस प्रेसिडेंट, APTI सेंट्रल ज़ोन ने APTICON 2026 से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने सभी प्रबंधन प्रतिनिधियों एवं फार्मेसी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा अपने संस्थानों से अधिक से अधिक फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने APTICON 2026 को फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं अकादमिक संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच बताया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं APTI के पदाधिकारियों द्वारा APTICON 2026 राष्ट्रीय संगोष्ठी के ब्रोशर का औपचारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में APTI छत्तीसगढ़ स्टेट ब्रांच के प्रमुख पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही, जिनमें डॉ. विशाल जैन, डॉ. शेखर वर्मा, डॉ. अजाजुद्दीन एवं डॉ. शिव शंकर शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. मंजू सिंह, डायरेक्टर, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी (UIOP) सहित विभिन्न फार्मेसी संस्थानों के प्रबंधन प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न फार्मेसी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रमुख अकादमिक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने APTICON 2026 में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रबंधन प्रतिनिधियों में आईपी मिश्रा, किशोर जाधवानी, हरजीत सिंह हुरा, चिन्मय दावरा, विनय द्विवेदी, तारा चन्द्राकर, आशुतोष शुक्ला, अनुराग जैन, डॉ. शिलेखा वेरुलकर एवं डॉ. आनंद मल्हावर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में विभिन्न फार्मेसी संस्थानों के प्राचार्यों एवं शिक्षाविदों की भी सक्रिय उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने APTICON 2026 को सफल एवं प्रभावशाली राष्ट्रीय आयोजन बनाने के लिए संस्थागत सहयोग, फैकल्टी एवं विद्यार्थी सहभागिता तथा शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया। APTICON 2026 के ब्रोशर विमोचन एवं हितधारकों की परामर्श बैठक ने राष्ट्रीय संगोष्ठी के सफल आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया तथा छत्तीसगढ़ के फार्मेसी शिक्षण समुदाय की एकजुटता, सहयोग और अकादमिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।