रायपुर

आज छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस का सीएम बघेल करेंगे शुभारंभ... शामिल होने दिल्ली से भी आएंगे जानकार

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 03 मई को 18वीं छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस 2023 का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्री उमेश पटेल और मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा होंगे। 

राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस का शुभारंभ समारोह प्रातः 10.30 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ प्लांट साइंस रिसर्च नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. प्रवीनचंद्र त्रिवेदी, छत्तीसगढ़ कॉउन्सिल ऑफ साइंस ऑफ टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर जनरल डॉ. एस. कर्माकर अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला करेंगे। 

राज्य के युवा प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन किया जाता है। भारतीय भौतिकशास्त्री सर चन्द्रशेखर वेंकटरमन के 28 फरवरी 1928 में "रमन प्रभाव" की खोज को चिन्हित करने के लिये युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन किया जाता है। इस खोज के लिये सर रमन को वर्ष 1930 में भौतिकी में नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रथम छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में दिनांक 02 एवं 03 सितम्बर 2002 को किया गया था।