रायपुर

जीवनसाथी डॉट कॉम पर हुई दोस्ती... फिर शादी का प्रलोभन देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। अपने लिए जीवनसाथी तलाश रही तेलीबांधा निवासी एक युवती ठगी का शिकार हो गई। उसने अपने लिए लड़का खोजने शादी डाट काम में पंजीय़न कराया। इस दौरान उसका संपर्क इस वेबसाइट के माध्यम से भीलगांव नागपुर निवासी परम सवालाखे से हुआ। उसने खुद को एनएचआई नागपुर में कार्यरत होना बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई। पीड़िता को शादी का झांसा देकर आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में करीब 8 लाख रुपये ले लिए। बाद में पैसे लौटाने पर टालमटोल करने लगा। तब पीड़िता ने आरोपी की जानकारी जुटाई तो उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है। तथा उनसे पीड़िता से साथ ठगी की है। इसके बाद पीड़िता न्याय की फरियाद लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। 
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जीवनसाथी डाट काम में हुई दोस्ती के बाद आरोपी ने पीड़िता को अपने झांसे में लिया और जल्द शादी करने की बात कहीं। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी परम 22 मई 2022 को पहली बार पीड़िता से मिलने रायपुर आया। आरोपी ने जरूरी काम के लिए पीड़िता से 5 हजार रुपये मांगे। दूसरी बार आरोपी ने पीड़िता से कहा कि दादी और पिता के उपचारके लिए पैसे चाहिए। इस पर पीड़िता ने आरोपी को 20 हजार रुपये दे दिए। लगातार कुछ न कुछ समस्या बताकर आरोपी ने जून 2022 से अगस्त 2022 तक अलग-अलग तिथियों में करीब 8 लाख रुपये ले लिए। 
 
पुलिस ने आगे बताया कि जब पीड़िता ने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करता रहा। तथा तरह-तरह के बहाने बनाने लगा। प्रार्थिया को शक होने पर उसने परम एवं उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई तो उसे पता चला कि परम शादीशुदा है, तथा उसका एक बेटा है। उसकी दादी एवं पिता जीवित है और वह एनएचआई नागपुर में कार्यरत भी नहीं है। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। 
 
पुलिस ने मामले में पीड़िता से पूछताछ के बाद आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता के साथ ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी परम सवालखे चैतन्य नगर कपिल नगर के सामने थाना कपिल नगर जिला नागपुर महाराष्ट्र का निवासी है।