रायपुर

बदमाशों ने फैक्ट्री में गार्ड को बनाया बंधक, देर रात आटो चालक से की लूटपाट

रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गई है। राजधानी के खमतराई इलाके में दो दिन में दो बड़ी वारदात हुई। आधी रात को एक आटो ड्राइवर को घेरकर बदमाशों ने लूटपाट की। कैश के साथ उनका आटो भी ले गए। दूसरी घटना में रावांभाठा के एक फैक्ट्री में डकैती हो गई। हथियारबंद लोग फैक्ट्री में घुसे और सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लाखों का माल लेकर भाग निकले। दोनों मामले के आरोपियों को खमतराई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे रिकवरी के लिए पूछताछ की जा रही है।

पहली घटना रावांभाठा के इंडस टावर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की है। गार्ड सुपरवाइजर नरेश कुमार चौबे शुक्रवार-शनिवार की रात फैक्ट्री में ड्यूटी पर थे। उनके साथ सनत कुमार और दिनेश कुमार झारिया भी ड्यूटी में थे। रात करीब सवा 2 बजे दीवार और गेट फांदकर 4 लोग भीतर घुस गए। चारों को नरेश ने मना किया, तो तीन युवक उससे उलझ गए। चौथे युवक ने भीतर से गेट खोल दिया। इसके बाद कुछ और युवक भीतर घुस गए। गाली-गलौज करते हुए युवकों ने तीनों गार्ड को चाकू दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। उनके आंख और हाथ को बांध दिया।

इसके बाद बाहर से पिकअप वाहन लेकर आए। उसमें एलसीयू 27, डीजी बैटरी 12, डीवीआर 1, मिराकी डिवाइस 2, वाइफाइ डिवाइस 2, मिराकी पावर कार्ड आदि सामान भरकर ले गए। इसके अलावा अन्य सामान में तोड़फोड़ किया। आरोपी आपस में एक-दूसरे को फिरोज खान, काली जोगी, चंदन जोगी, तुषार महंत बुला रहे थे। उनके साथ अन्य लोग भी थे। आरोपी कार में आए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर डकैती का मामला दर्ज कर लिया है।