रायपुर

मोबाइल में रह रहकर बैलेंस चेक करती रहीं महिलाएं.... कईयों को घंटों बाद आया मैसेज

रायपुर। महतारी वंदन योजना का शुभारंभ 10 मार्च को वर्चुअल जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। दोपहर को आयोजित कार्यक्रम को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया। मुख्य कार्यक्रम  का आयोजन राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में किया गया। योजना के शुभारंभ होने के बाद महिलाएं उत्साह में रह-रहकर अपने मोबाइल से बैंक बैलेंस चेक करती रहीं। एक्सपर्ट की मानें तो महिलाओं के खाते में देर रात कर पैसे आने की सूचना आएगी।

बतादें कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली जुड़कर आज छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत की। प्रधानमंत्री द्वारा योजना के 70 लाख 12 हजार 800 पात्र आवेदकों को 655 करोड़ 57 लाख रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से बटन दबाकर अंतरित की गई। इस योजना के तहत अब छत्तीसगढ़ में विवाहित माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए और प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए नियमित रूप से मिलेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ महतारी को समर्पित जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया कॉफी टेबल पिक्टोरियल बुक "मय महतारी हंव"  का विमोचन किया। इस कॉफी टेबल बुक में खुशियों के नोटिफिकेशन की 36 कहानियां शामिल हैं l महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत जिन-जिन लोगों का आवेदन स्वीकृत हुआ है, उन सभी को पैसे आने का मैसेज आएगा। पात्र महिला हितग्राहियों को घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग की टीम इस काम में जुटी है, सभी के खाते में पेसे आएंगे।