रायपुर

वेब-सीरिज मनी हाईस्ट से प्रभावित होकर ड्रग तस्कर बने प्रोफेसर, लूसीफर और बर्लिन

रायपुर। नेटफ्लिक्स के वेब-सीरिज मनी हाईस्ट से प्रभावित होकर स्वयं की पहचान छिपाने ड्रग तस्करों ने अपना नाम बदल लिया। मुख्य सरगना को तस्कर प्रोफेसर कहते थे। वहीं अन्य का नाम लुसीफर और बर्लिन था। सभी एक दूसरे को इसी नाम से संबोधित करते थे। बतादें कि राजधानी पुलिस ने निजात अभियान के तहत एमडीएमए एवं कोकिन के साथ 1 अंतर्राज्यीय एवं 1 महिला सहित कुल 4 आरोपी गिरफ्तार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को खम्हारडीह क्षेत्र स्थित धोतरे मैरिज गार्डन एवं मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित सैमरॉक ग्रीन होटल से पकड़ा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निजात अभियान के 13 मई को नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना मिली कि कचना नाला पास स्थित एक होटल में कुछ व्यक्ति रूके है, जो अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए (methylenedioxymethamphetamine) एवं कोकिन रखें है। अपने चारपहिया वाहन में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बिक्री करने की फिराक में घुम रहे है। जिस पर टीम ने उन्हें पकड़ने की योजना बनाई और योजनानुसार टीम का एक सदस्य ग्राहक बनकर एमडीएमए ड्रग्स एवं कोकिन खरीदने पैडलर से संपर्क किया।

जिसके बाद टीम ने धोतरे मैरिज गार्डन के एक कमरे में रेड मारी। कार्यवाही के दौरान कमरे में 2 व्यक्ति मिले। जिन्होंने अपना नाम कुसुम हिंदुजा एवं चिराग शर्मा बताया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास छोटे जिप पॉलिथीन में प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन एवं एक इलेक्ट्रानिक तराजू मिला। दोनों आरोपियों से उनके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ करने पर एक साथी आयुष अग्रवाल को सेमरॉक ग्रीन होटल तथा एक साथी महेश सिंह को भी रायपुर में रूकना बताया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आयुष अग्रवाल एवं महेश सिंग को भी पकड़ा।

चारों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा एमडीएमए एवं कोकिन को दिल्ली से लाना एवं रायपर में घुम - घुम कर बिक्री करना बताया गया। आरोपी महेश सिंग खडगा जो दिल्ली का निवासी है, वह दिल्ली से प्रतिबंधित मादक पदार्थ लाकर आयुष अग्रवाल को देता है तथा आयुष अग्रवाल अपने पैडलर कुसुम हिंदुजा एवं चिराग शर्मा के माध्यम से मांग के आधार पर लोगों को उपलब्ध कराता था।

आरोपी आयुष अग्रवाल के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में मारपीट, आरोपी चिराग शर्मा के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में मारपीट तथा महिला आरोपी कुसुम हिंदुजा के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में थाना 295 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध है।  प्रकरण में धोतरे मैरिज गार्डन एवं सैमरॉक ग्रीन होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 अलग-अलग छोटे जिप पॉलिथीन में रखें 2100 मिलीग्राम एमडीएमए एवं 6600 मिलीग्राम कोकिन, 1 नग इलेक्ट्रानिक तराजू, 8 नग मोबाईल फोन, नगदी रकम 86,000 रुपये, 3 नग सोने की चैन, 1 नग लैपटॉप, 1 नग आईपेड, 3 नग एटीएम, 1 नग सिम कार्ड तथा ऑडी कार जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट के तहतअपराध दर्ज किया गया।