राजधानी में दो दिन से नहीं उठा कचरा... निगम ने ठेका कंपनी को जारी किया नोटिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में दो दिनों से कचरा वाहन के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मंगलवार को कचरा वाहन चालक से मारपीट का मामला सामने आने के बाद कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर थाने में प्रदर्शन किया। वहीं बुधवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर वाहन चालक अड़ गए। महापौर से लेकर निगम के सभी जिम्मेदार अधिकारी और ठेका कंपनी रामकी के अधिकारी मामले को सुलझाने के लिए कर्मचारियों से बातचीत कर रहे हैं। बहरहाल दो दिनो से कचरा वाहन नहीं आया है, जिसकी वजह से कचरा पड़ा हुआ है।
कर्मचारियों का कहना है कि उनके वेतन में पांच से छह हजार तक की बढ़ोतरी की जाए। नौ, दस हजार की सैलरी में उनका घर नहीं चलता है। बुधवार को जहां शहरभर में छह सौ टन से अधिक कचरा घरों में ही सड़ता रहा। बुधवार की सुबह मामले ने तूल पकड़ी और वाहन चालक दलदल सिवनी यार्ड में एकत्र हुए। यहां उन्होंने फैसला किया कि अब हमारी सभी समस्याओं को जब दूर किया जाएगा, तभी हम काम करेंगे। महापौर भी मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान महापौर से कर्मचारियों ने बताया कि उनके साथ संबंधित सुपरवाइजर अभद्रता करते हैं। उनकी सैलरी बहुत कम है। साथ मारपीट करने वाले युवक को गिरफ्तार किया जाए।
घर में सड़ते कचरे को लोग आसपास के खाली प्लाटों या खाली जगह देखकर भी फेंक रहे हैं, जिसकी वजह से निगम द्वारा मानसून से पहले की जा रही नाला, नालियों के सफाई भी बरबाद हो रही है। वहीं लोगों का कहना है कि वे आखिर कब तक घर पर कचरा भरकर रखेंगे?