रायपुर

नया रायपुर में मंत्रालय के पास आधुनिक स्टेशन जून में हो जाएगा तैयार... जल्द दौड़ेगी पैसेंजर ट्रेन

रायपुर। नया रायपुर से पैसेंजर ट्रेन का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। मंत्रालय के पास आधुनिक स्टेशन जून में तैयार हो जाएगा, जब दिवाली से पहले रायपुर से मंदिर हसौद, नया रायपुर और सेंट्रल (अभनपुर) के लिए ट्रेनें शुरू होने की उम्मीद है। 

एनआरडीए के अधिकारियों ने बताया कि बीते दिनों डीआरएम और एनआरडीए के अधिकारियों ने स्टेशनों का संयुक्त दौरा किया था। इस दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए प्रोजेक्ट शीघ्र पूरा करने पर सहमति बनी थी। अटल नगर, उद्योग नगर, मुक्तांगन के पास स्टेशन का काम दिसंबर-2024 तक पूरा होगा। अधिकारियों के मुताबिक मंत्रालय के पास सीबीडी रेलवे स्टेशन का कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसकी डिजाइन में कुछ जरूरी परिवर्तन किया गया है। उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर से रेल का यह प्रोजेक्ट दिसंबर 2022 में पूर्ण कर लिया जाना था। कोरोनाकाल की वजह से भी प्रोजेक्ट में विलंब देखा गया।

एनआरडीए के अधिकारियों के मुताबिक नवा रायपुर से केंद्री तक विद्युतीकरण के लिए रेलवे से तय समय पर ब्रेक डाउन नहीं मिल पाया। इसकी वजह से भी गर्डर चढ़ाने से लेकर ओएचई तार खींचने में लेटलतीफी हुई। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक अभनपुर लाइन पर मालगाड़ी चलने की वजह से लंबे समय के लिए ब्रेक डाउन देना मुश्किल रहा। इस मुद्दे पर एनआरडीए के अधिकारियों के साथ बातचीत करके रास्ता निकाल लिया गया है। रायपुर से नवा रायपुर होते हुए केंद्री तक रेलवे लाइन से लेकर स्टेशन का यह प्रोजेक्ट दोगुना हो चुका है। प्रारंभिक में यह प्रोजेक्ट लगभग 52 करोड़ रुपये के करीब था, लेकिन इसकी लागत बढ़कर अब 100 करोड़ के करीब पहुंच चुकी है।