गर्मी से लोगो को राहत मिल सकती है तीन चार दिनों में : दक्षिण - पश्चिम मानसून आगे बढ़ा
रायपुर | छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम कुछ बदला बदला सा है | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में अभी भी गर्मी है। कुछ दिन पहले हुई हल्की बारिश के कारण तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया था। फिर भी इसके बाद अब एक बार फिर तापमान में इजाफा देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मानसून छत्तीसगढ़ तो पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 3 दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है।
आगामी 48 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में दक्षिण - पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश की गतिविधि पर अड़ंगा लगाने वाला मराठवाड़ा का चक्रवाती घेरा समाप्त होने से मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बनी हुई है। पश्चिम में स्थित अरब सागर से आने वाली नमी के प्रभाव से एक - दो दिनो में बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
मौसम विभाग ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इतना ही नहीं आने वाले 4-5 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज - चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। राजधानी रायपुर में हल्के बादल छाए रहेंगे। देर शाम तक गरज - चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।