रायपुर

नक्सल मुठभेड़ में घायल जवान का हौसला बुलंद : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अबूझमाड़ नक्सली हमले में घायल जवानों से मिलने रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे।

रायपुर | रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा नारायणपुर जिले में नक्सली मुठभेड़ में घायल जवानों से मिलने राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घायल जवानों से उनका हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री साय उनसे जब घटना की जानकारी ले रहे थे तब एसटीएफ के घायल जवान कैलाश नेताम ने बताया कि ठीक होते ही नक्सलवादियों को और मारूंगा। यह सुनते ही मुख्यमंत्री का चेहरा गर्व से भर गया। उन्होंने कहा कि मां भारती के इन वीर जवानों से हमें हौसला मिलता है। घायल होकर भी यह जज्बा भारत के बलिदानी वीरों की परंपरा है, जिन्होंने कभी देश को झुकने नहीं दिया। 

एसटीएफ के एक अन्य घायल जवान लेखराम नेताम के ऑपरेशन थियेटर में होने के कारण मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात नहीं कर पाए, लेकिन डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने बीते दिनों बीजापुर में नक्सली हमले में घायल एक अन्य डीआरजी के जवान लच्छु कढ़ती से भी मुलाकात कर उसका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने जवानों की हौसला अफजाई करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के लिए निर्देश भी दिए। इस मौके पर विधायक मोतीलाल साहू और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा मौजूद रहे।