CM साय आज फिर जाएंगे दिल्ली... जेपी नड्डा से करेंगे मुलाकात... मंत्रिमंडल के चेहरे होंगे फाइनल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज फिर दिल्ली जाने वाले हैं। इसे लेकर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर शुरू हो गई है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो एक मंत्री का नाम फाइनल है और दूसरे को लेकर रायशुमारी होगी। मुख्यंमत्री साय पर पार्टी हाईकमान से नाम पर अंतिम मुहर लेकर ही वापस लौटेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा से विष्णुदेव के मुलाकात की बातें सामने आ रही है। सीएम रात को दिल्ली में ही रुकेंगे।
बता दें कि तीन दिन पहले ही सीएम विष्णुदेव साय दिल्ली गए थे। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रदेश सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई थी। साथ ही कैबिनेट के विस्तार पर भी बातचीत हुई थी। सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी मिल गई है, लेकिन उसमें अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अंमित मुहर बाकी है। तीन दिन पहले सीएम जब दिल्ली गए थे, तब मोदी और शाह के साथ ही जेपी नड्डा से भी मुलाकात होने वाली थी, लेकिन लोकसभा स्पीकर के चुनाव सहित अन्य व्यस्तताओं की वजह से नड्डा से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई थी।
सूत्रों की मानें तो सीएम साय विशेष रूप से जेपी नड्डा से ही मिलने दिल्ली जा रहे हैं। दोनों की मुलाकात का कार्यक्रम तय हो गया है। सीएम दोपहर की फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे। रात्रि विश्राम के बाद संभवतः दूसरे दिन वापस राजधानी लौट आएंगे। देर शाम में ही उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक है। राजनैतिक जानकारों की मानें तो इस बार मुख्यमंत्री जब दिल्ली से लौटेंगे तो उनके पास कैबिनेट विस्तार और संभावित बदलाव का फाइनल प्लान रहेगा।
आपको बता दें कि वर्तमान में राज्य कैबिनेट में दो मंत्रियों के पद खाली हैं। जिसमें से एक पद पहले से खाली था और दूसरा बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद से खाली पड़ा हुआ है। सांसद अग्रवाल के पास संसदीय कार्य की भी जिम्मेदारी थी। इसलिए उनके पद छोड़ने के बाद फिलहाल यह प्रभार सीएम विष्णुदेव के पास है। इस बीच 22 जुलाई से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में सत्र से पहले ही सरकार कैबिनेट का विस्तार कर लेना चाह रही है।