रायपुर

हवाला कारोबारी के ठिकाने पर पुलिस की रेड... मौके से बरामद हुए 80 लाख रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दुर्ग जिला पुलिस ने हवाला कारोबारी नीरू भाई के रायपुर स्थित ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 80 लाख रुपए नकद जब्त करने के साथ ही संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि नीरू भाई महादेव सट्‌टा ऐप समेत कई ऑनलाइन ऐप और ऑनलाइन सट्‌टा खाइवालों की रकम हवाला के जरिए एक स्थान से दूसरे लोकेशन पर पेमेंट कराया करता है। पुलिस की पकड़ से दूर हवाला कारोबारी नीरू भाई की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही दुर्ग पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना होगी।

जानकारी के मुताबिक ये पूरी कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ऋचा मिश्रा के नेतृत्व में मंगलवार को की गया। पुलिस को हवाला कारोबारी नीरू भाई के संबंध में पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस टीम ने रायपुर के शंकर नगर खम्हारडीह स्थित दफ्तर पर छापा मारा। मौके से हवाला कारोबारी नीरू भाई तो पुलिस के हाथ नहीं लगा, लिहाजा पुलिस ने उसके टीम के चार आरोपियों को अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि ​​​​​​नीरू भाई मुंबई में बैठकर देश के अलग-अलग ठिकानों में अपने दफ्तर ऑपरेट करता है। वहां से हवाला की रकम डिमांड के मुताबिक ठिकाने लगाई जाती है।

पुलिस की माने तो हवाला कारोबारी नीरू भाई मुंबई से अपने कारोबार को अंजाम दे रहा है। उसके द्वारा महादेव और दूसरे ऑनलाइन सट्टा ऐप की काली कमाई को इधर से उधर करने का काम किया जाता रहा है। बताया जा रहा है कि केवल हैदराबाद के पैनल ही नहीं देश में जितनी भी जगह दुर्ग और रायपुर के खाईवालों के पैनल चलते हैं, वहां की रकम वो रायपुर भिलाई भेजने का काम करता है। बताया जा रहा है कि दुर्ग पुलिस जल्द ही हवाला कारोबारी नीरू भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम मुंबई भेजेगी।