रायपुर

फोटोग्राफी के शौक ने 12 साल के सोहम को बना दिया विजेता

0- महाकोशल कला परिषद ने आयोजित की 19वीं राज्य स्तरीय तात्कालिक फोटोग्राफी स्पर्धा पंकज -2024

रायपुर। महाकोशल कला परिषद ने 19वीं राजकीय तात्कालिक फोटोग्राफी स्पर्धा 'पंकज -2024' राजकुमार कॉलेज में तात्कालिक विषयों पर आयोजित की गई थी। इस राज्य स्तरीय आयोजन में शालेय फोटोग्राफी प्रतियोगिता में 12 साल के सोहम जाऊलकर ने अपनी बेहतरीन फोटोग्राफी के दम पर विजेता होने का गौरव हासिल किया। 
 
महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद व जाने- माने नाक- कान- गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुज जाऊलकर के सुपुत्र सोहम जाऊलकर को महज आठ साल की उम्र से ही फोटोग्राफी का शौक था। उनके पिता डॉ. अनुज ने बताया, जब भी वह कहीं बाहर जाते हैं, तो एक छह एसएलआर कैमरा अपने साथ रखते हैं। इतनी छोटी उम्र में सोहम स्वयं अपने कैमरे की देखभाल करते हैं। रविवार को सोहम कहीं घूमने जाएं या देश- विदेश अमेरिका, इंग्लैंड, यूरोप की लंबी ट्रिप पर, वे अपना कैमरा साथ रखना नहीं भूलते। सबसे हैरत की बात यह है कि सोहम ने पहली बार स्टेट लेवल चैंपियनशिप में भाग लिया और इसमें वे चैंपियन बने भी। डॉ. जाऊलकर के मुताबिक सोहम को फोटोग्राफी के साथ कहानियां लिखने व एक्टिंग का भी शौक है। शतरंज में सोहम की चालें सिद्धहस्त अनुभवी खिलाड़ियों की तरह उलझाने वाली होती हैं।
 
तीन वर्गों में आयोजित पंकज फोटोग्राफी स्पर्धा में 138 बाल, युवा, वरिष्ठ, महिला छायाकारों ने साथ ही 15 मेंटोर छायाकारों ने मिलकर इस स्पर्धा- 2024 के लिए 1500 प्रविष्टियां जमा की थी। इसमें से 50 छायाकारों की एक -एक छाया रचनाओं श्वेत श्याम (ब्लैक व वाइट, रंगीन, मोनोक्रोम ) का चयन प्रदर्शनी के लिए किया गया। तीन वर्गों में से प्रत्येक वर्ग से 10 छायाकारों की कुल 30 छायाकारों की छाया रचनाओं को पुरस्कार के लिए चुना गया।तात्कालिक फोटोग्राफी स्पर्धा-2024 में शालेय वर्ग में पुरस्कृत सभी रचनाएं कैमरे से खींची गई हैं। पंकज-2024 के पुरस्कार महाकोशल आर्ट गैलरी में 28 सितंबर से आयोजित पुरस्कृत व चयनित कलाकारों की रचनाओं की प्रदर्शनी के समापन पर 29 सितंबर को संध्या 06 बजे वितरित किये जाएंगे |