छत्तीसगढ़ शनिवार—रविवार को बारिश के आसार... अंधड़ और वज्रपात की आशंका
2023-03-17 07:49 PM
221
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार रात से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है, तो बस्तर संभाग में ओले गिरे हैं। शुक्रवार को पूरा दिन धूप—छांव के साथ गुजरा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। हालांकि सरगुजा और बस्तर में बूंदाबांदी की खबरें हैं। लेकिन कहीं पर भी मध्यम बारिश नहीं हुई है, लेकिन शनिवार और रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम अनुमान के मुताबिक शनिवार और रविवार को छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है। खासतौर पर बस्तर, सरगुजा और कोरिया में प्रबल संभावना है। बता दें कि आज देश के कई राज्यों में तेज बारिश के ओले भी गिरे हैं, इससे देश में तापमान गिरा है। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है।

मौसम विज्ञान के मुताबिक इस बदलाव के पीछे वजह पश्चिमी विक्षोभ है। दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं कहीं—कहीं पर तेज अंधड़ का सामना भी करना पड़ा है।
छत्तीसगढ़ में आने वाले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि बारिश के साथ ही अंधड़ और वज्रपात हो सकता है, लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है।