छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना... जल्द खुल सकता है पोर्टल, चरणबद्ध तरीके से होगी प्रक्रिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण महतारी वंदन योजना का पोर्टल सरकार दोबारा खोलने जा रही है, जिससे अब तक आवेदन नहीं कर सकीं पात्र महिलाओं को पंजीयन का अवसर मिल सकेगा।  बताया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को मुख्यमंत्री से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। विभाग अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

पोर्टल खुलने के बाद नई पात्र महिलाओं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मंत्री के अनुसार, पोर्टल एक साथ पूरे प्रदेश में नहीं खोला जाएगा। पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद अन्य संभागों में भी क्रमवार पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य ऐसी महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारण से अब तक आवेदन नहीं कर पाई थीं या जिनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं हो सका था।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, परिवार और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। पोर्टल शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य शर्तों को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।