छत्तीसगढ़

विदाई समारोह में भावुक हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा.... पत्नी और परिवार को दिया सफलता का श्रेय

रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का विदाई समारोह बेहद भावुक और यादगार रहा। विदाई संबोधन में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा अपनी  पत्नी शालिनी सिन्हा और परिवरा का जिक्र करते हुए इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों नम हो गई। अपनी इस पूरी न्यायिक यात्रा और सफलता का श्रेय पत्नी और परिवार के त्याग, समझदारी और समर्पण को दिया।

विदाई भाषण में चीफ जस्टिस ने कहा कि परिवार का प्यार और हर परिस्थिति में उनका साथ होना उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने साझा किया कि परिवार के संबल के कारण ही उन्हें कठिन से कठिन चुनौतियों का सामना करने का हौसला और संबल मिला।

न्यायिक संस्थाओं के स्वरूप पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अदालतें महज ईंट-पत्थर और सीमेंट की इमारतें नहीं होतीं, बल्कि ये आम आदमी की आखिरी उम्मीद और न्याय का पवित्र मंदिर हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पद और इंसान हमेशा अस्थायी होते हैं, लेकिन न्यायिक संस्थाएं स्थायी रहती हैं। इसलिए इन संस्थाओं की साख, गरिमा और निष्पक्षता को बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।

चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा का करीब साढ़े तीन साल का कार्यकाल उपलब्धियों और ऐतिहासिक फैसलों से परिपूर्ण रहा। अपने इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 50 हजार 228 मामलों का निपटारा किया। इसके साथ ही उनके कार्यकाल में 369 से अधिक ऐसे ऐतिहासिक फैसले दिए गए, जो आने वाले समय में न्याय जगत के लिए एक मजबूत नजीर साबित होंगे।