छत्तीसगढ़

राजनांदगांव जिले के 92 शिक्षकों को नोटिस.... स्कूल से गायब रहने वालों की अब खैर नहीं

रायपुऱ। राजनांदगांव जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति को लेकर विभाग काफी सख्त है। विद्या समीक्षा केंद्र ऐप के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले राजनांदगांव जिले के 92 शिक्षकों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, छुरिया विकासखंड के 51 शिक्षक और राजनांदगांव विकासखंड के 41 शिक्षक को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। इन कर्मचारियों पर स्कूल देरी से पहुंचने, बिना सूचना अनुपस्थित रहने और स्कूल आने के बावजूद छुट्टी के समय ऐप पर आउट-टाइम दर्ज नहीं करने जैसे अनियमितिताएं सामने आई हैं।

निरीक्षण और ऑनलाइन डेटा की जांच में छुरिया विकासखंड के दो संस्था प्रमुखों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रंगाकटोला मेढ़ा के संस्था प्रमुख बलराम कौशिक को ऐप में लॉगिन नहीं करने और रेंगाकटोरा के संस्था प्रमुख अतुल सिन्हा को लगातार दो दिनों तक अनुपस्थित पाए जाने के कारण अलग से नोटिस जारी कर जवाब मांग गया है।

उच्च कार्यालय से सीधे बीएसके ऐप के जरिए स्कूलों की दैनिक निगरानी की जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि, सभी संबंधित कर्मचारी अपने संस्था प्रमुख के माध्यम से तय समय-सीमा के भीतर तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करें। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया जाएगा।

नोटिस जारी होने के बाद से जिले के शिक्षक वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है। बड़ी संख्या में शिक्षक नेटवर्क की समस्या और ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों की शिकायत लेकर शिक्षा विभाग के चक्कर काट रहे हैं। वहीं दूसरी ओर शिक्षक संगठनों ने भी इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर विरोध शुरू कर दिया है। शिक्षकों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि विभाग अब ऑनलाइन ऐप में दर्ज उपस्थिति केआधार पर ही वेतन जारी करने की तैयारी में है।