शिक्षा-कैरियर-लाइफ स्टाइल

परीक्षा के हैं तनाव तो स्टडी के दौरान हर 45 मिनट के बाद लें छोटा सा ब्रेकः डा. वर्षा वरवंडकर

डेस्क। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई है। वहीं छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाएं भी जल्द शुरू होनी है। परीक्षा के दौरान अच्छे अंकों के साथ सफल होने के तनाव बच्चों में रहता है। इन्हीं तनाव के कारण छात्र परीक्षा की तैयारी में अपना ध्यान केंद्रीत नहीं कर पाते है, और परीक्षा में प्रदर्शन उम्मीद से कम हो जाता है। सीनियर कैरियर काउंसलर डा. वर्षा वरवंडकर ने कहा कि सही रणनीति अपनाकर परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डा. वर्षा वरवंडकर ने कहा कि परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को जानने के लिए खुद आत्मनिरीक्षण करें। फिर परीक्षा में सफल होने के लिए सही कार्ययोजना और  पढ़ाई के लिए टाइम टेबल बनाए। फिर इसी के अनुरूप पढ़ाई करें। व्यवस्थित दिनचर्या आपके तनाव को काफी हद तक कम करता है। परीक्षा की तैयारी के लिए खुद का परखने का सबसे अच्छा माध्यम है माक टेस्ट। इस टेस्ट से सफलता की संभावना बढ़ जाती है। पिछले कई वर्षों के प्रश्न पत्र को निर्धारित समय में साल्व करने से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

डा. वर्षा वरवंडकर ने आगे बताया कि युवा वर्ग में एकाग्रता की क्षमता 40 से 45 मिनट की होती है। इसलिए किसी भी विषय को 40-45 मिनट पढ़ने के बाद 10 मिनट का ब्रेक लें। ब्रेक टाइम में आप अपना पसंदीदा कार्य करें। वहीं इस समय में आप ध्यान और योग भी कर सकते है, जो काफी लाभकारी होता है। तनाव मुक्त रहने केलिए नींद बेहद जरूरी है। इसलिए परीक्षा के दिनों के दौरान आप रात में 7 से 8 घंटे अवश्य सोए। ताकि पूरे दिन आप उम्दा उर्जा के साथ पढ़ाई कर सके।