चमक सकती है आपकी किस्मत, होली पर राशि के अनुसार करें रंगों का प्रयोग
डेस्क | फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा की रात होलिका दहन किया जाता है। फिर इसके अगले दिन रंगो का पर्व होली मनाई जाती है। धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है मार्च का महीना। इस माह में होली जैसा बड़ा पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना गया है। वहीं इस वर्ष होली 25 मार्च 2024 को मनाई जाएगी। होली पर पूजा करने के साथ-साथ कई उपाय भी किए जाते हैं, जिसे करने से परिवार में खुशहाली बनी रहती हैं। होली को रंगों के साथ उमंग, उत्साह व समरसता का पर्व भी माना जाता है।
मान्यता है कि होली के रंगों का जीवन में सकारात्मक प्रभाव अवश्य होता है। साथ ही ये रंग सुख, सौभाग्य और समृद्धि के प्रतीक माने जाते है। यह रंग जीवन में उल्लास भरते हैं। शास्त्रों में मान्यता है कि राशि के अनुसार अगर रंगों का चयन किया जाए तो इससे आपका भाग्य चमक सकता है। यही नहीं अगर आप अपनी राशि के अनुसार रंगों का प्रयोग करेंगे तो, आपकी कुंडली से ग्रहों का अशुभ प्रभाव भी काफी हद तक कम हो सकता है। आइए जानते हैं, इस साल किस राशि के जातकों को किस रंग का इस्तेमाल करना चाहिए।
मेष राशि
मेष राशि चक्र की पहली राशि है। इस राशि के स्वामी मंगल हैं। इस राशि के लोगों का शुभ रंग लाल है। दरअसल, लाल रंग प्रेम और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। यह रंग आपके लिए शुभ साबित होगा। इस बार होली के शुभ अवसर पर लाल रंग से होली खेलना आपके लिए अच्छा रहेगा।
वृषभ राशि
इस राशि के स्वामी शुक्र हैं इसलिए इस राशि के लिए शुभ रंग सफेद होगा। हालांकि, हल्का नीला रंग भी आपके लिए उचित साबित हो सकता है। बता दें, सफेद रंग वृषभ राशि वालों को सुख व शांति प्रदान करेगा। आप चाहे तो इस रंग से भी होली खेल सकते हैं।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी बुध है इसलिए इस राशि के लोगों के लिए हरा रंग भाग्यशाली साबित होगा। यह रंग आपके ऊपर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। होली के पर्व पर आप हरे रंग का चयन कर सकते हैं
कर्क राशि
कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं। चंद्रमा मन और मन की भावनाओं को नियंत्रित करने का काम करता है इसलिए इस राशि का शुभ रंग सफेद है। इस बार होली पर सफेद रंग से होली खेलना आपके लिए लाभदायक रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं। यह ग्रह सफलता का प्रतीक माना जाता है। इस राशि के लोगों के लिए शुभ रंग गहरा लाल, संतरी, पीला और सुनहरा है। आप इस बार होली पर इन रंगों का उपयोग करें। इन रंगों से आपको मानसिक सुख प्राप्त हो सकता है।
कन्या राशि
आपको बता दें कन्या राशि का शुभ रंग गहरा हरा है। हरा रंग सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यही नहीं नीला रंग भी इन लोगों के लिए खास माना जाता है।
तुला राशि
तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं इसलिए इस राशि के लोगों के लिए शुभ रंग सफेद और हल्का पीला होता है। इस बार होली पर आप पीले रंग का चयन कर सकते हैं।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल हैं। इस राशि के लोगों के लिए लाल और मैरून रंग शुभ माना जाता है। इस शुभ रंग का प्रयोग आपके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
धनु राशि
धनु राशि के स्वामी बृहस्पति हैं। बृहस्पति का शुभ रंग पीला होता है। इस राशि के लोगों को होली खेलते समय पीले रंग का उपयोग करना चाहिए।
मकर राशि
मकर राशि के स्वामी शनि हैं। शनि के स्वामी होने के कारण इस राशि का शुभ रंग काला या गहरा नीला होता है। हालांकि, मैरून रंग भी मकर राशि के लोगों के लिए अच्छा माना जाता है।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं। इसलिए इस राशि का शुभ रंग भी काला या गहरा नीला माना जाता है। आप इस बार होली के शुभ मौके पर इन रंगों का प्रयोग कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
मीन राशि
मीन राशि के स्वामी बृहस्पति हैं। बृहस्पति का शुभ रंग पीला है। यह पीला रंग आपके जीवन में शुभता लेकर आएगा। इस बार होली पर आप इस रंग से होली खेल सकते हैं।