12वीं पास युवाओं के लिए रेलवे ने निकाली 3445 पदों वैकेंसी... बिलासपुर में 152 पदों की होगी भर्ती
डेस्क। रेलवे ने 12वीं पास के लिए एनटीसीपी (नान टेक्निकल पापुलर कैटेगिरी) अंडर ग्रेजुएट लेवल के लिए 3445 खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) यूजी लेवल की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 सितंबर 2024 से शुरू हुए हैं। .योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।आवेदन 20 अक्टूबर तक लिए जाएंगे।
रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 2,022 पद, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 361 पद, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट: 990 पद और ट्रेन्स क्लर्क के 72 पद सहित कुल 3,445 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 152 पद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के है।
रेलवे भर्ती बोर्ड अहमदाबाद में 210 पदों की भर्ती की जाएगी। इसी तरह अजमेर में 71, बैंगलुरू में 60, भोपाल में 58, भुवनेश्वर में 56, बिलासपुर में 152, चंडीगढ़ में 247, चेन्नई में 194, गोरखपुर में 120, गुवाहटी में 175, जम्मू-श्रीनगर में 147, कोलकाता में 452, मालदा में 12, मुंबई में 699, सिकंदराबाद में 89, सिलिगुड़ी 42, मुजफ्फरपुर 68, पटना 16, रांची 76, तिरुवनंतपुरम 112 और प्रयागराज में 389 पदों पर भर्ती होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (10+2) परीक्षा या समकक्ष परीक्षा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों के 12वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। जबकि एसएसी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों का केवल पास होना काफी है। योग्य आवेदकों की उम्र 1 जनवरी 2025 को कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष तक ही होनी चाहिए।
टाइपिंग टेस्ट और कंप्यूटर आधारित परीक्षा, निगेटिव मार्क भी
इन चारों पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले चरण में 100 अंक की परीक्षा होगी। जिसमें जनरल अवेयरनेस के 40, मैथ्स के 30 और जनरल इंटेलीजेंस एंड रीजनिंग के 30 अंक होंगे। परीक्षा में गलत जवाब देने पर निगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। दूसरे चरण की परीक्षा 120 अंकों की होगी। दोनों परीक्षा में पास होने के बाद जूनियर क्लर्क के लिए आदेवन करने वालों का टाइपिंग टेस्ट भी होगा।