महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव , गांधी जयंती पर कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न से सम्मानित स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ओल्ड विधानसभा चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह सौभाग्य और गर्व का विषय है कि आज हम देश की आजादी के 2 महान नायकों की जयंती मना रहे हैं। महात्मा गांधी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, वहीं स्व. लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श स्थापित किए। इन महापुरुषों के विचार आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लंबे समय तक देश में रहे दल विशेष के शासन में अंग्रेजों की सोच और उनकी व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी को प्रोत्साहन देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी के भाव से देश की नई संसद का निर्माण कराया है।