देश-विदेश

रक्षा मंत्री ने एनडीए, खडकवासला में 151वें पाठ्यक्रम, शरद सत्र 2026 की पासिंग आउट परेड की समीक्षा की

नईदिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 29 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 151वें पाठ्यक्रम शरदकालीन सत्र-2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के जवानों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन वीरों के बलिदान एवं शौर्य ने देश की स्वतंत्रता सुनिश्चित की है और आज भी हमारे सशस्त्र बल देश की संप्रभुता की रक्षा कर रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं से नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा, “दुनिया बड़े भू-राजनीतिक बदलावों और तकनीकी प्रगति के दौर से गुजर रही है। इन बदलावों ने युद्ध के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। अब संघर्ष केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैल चुके हैं।” उन्होंने कहा कि युद्ध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण के तरीके समय के साथ विकसित हो रहे हैं, ऐसे में कैडेटों में निरंतर सीखने की भावना बनी रहनी चाहिए। आज जो तकनीकें प्रासंगिक हैं, वे कल पुरानी पड़ सकती हैं या अप्रासंगिक हो सकती हैं।

रक्षा मंत्री ने भारत में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को ऐसे भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए, जहां तकनीकी क्षमताएं और मशीनी शक्ति मानव संसाधन की पूरक बनकर अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत की क्षमताओं को मजबूत करने और देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए अपनी बौद्धिक क्षमता व मानव संसाधन के सामंजस्यपूर्ण उपयोग पर ध्यान दें।

श्री राजनाथ सिंह ने सैन्य नेतृत्व में विश्वास और सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने वरिष्ठ का अनुसरण केवल उनके पद या अधिकार के कारण नहीं करते, बल्कि इसलिए करते हैं क्योंकि वे उनका विश्वास जीतते हैं और सम्मान अर्जित करते हैं। श्री सिंह ने कैडेटों से अपने साथी सैनिकों को परिवार का हिस्सा मानने, कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस तथा संयम के साथ अपनी टीम का नेतृत्व करने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि सैन्य जीवन में शारीरिक फिटनेस और साहस के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, धैर्य एवं आत्मविश्वास भी उतने ही आवश्यक हैं।

रक्षा मंत्री ने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने में योगदान के लिए कैडेटों के परिवारों और प्रशिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा, “जब युवा कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए अपना घर छोड़ते हैं, तो उनके परिवारों को भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।” श्री सिंह ने कहा कि कैडेटों को अपने परिवारों के विश्वास एवं त्याग का सम्मान करना चाहिए तथा अपने माता-पिता, गुरुओं और देश का नाम रोशन करना चाहिए।

श्री राजनाथ सिंह ने मित्र राष्ट्र के कैडेटों को संबोधित करते हुए भारतीय कैडेटों के साथ उनके प्रशिक्षण को दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों और मित्रता का प्रतीक बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में सीखे गए मूल्यों, आपसी भाईचारे व परस्पर सम्मान की भावना को अपने साथ लेकर जाएंगे तथा सद्भावना और शांति के दूत के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।

 

----------