देश-विदेश

त्रिपुरा—नागालैंड में खिला कमल... मेघालय में त्रिशंकु... पीएम मोदी ने ट्वीट पर जनमत को दिया धन्यवाद

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों ने भाजपा को एक बार फिर जश्न मनाने का मौका दिया है। त्रिपुरा में भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है, तो नागालैंड में भी भाजपा ने कमल खिलाकर चौंका दिया है। वहीं बात करें मेघालय की, तो यहां पर चुनाव परिणाम किसी भी दल के पक्ष में नहीं गया है, बल्कि त्रिशंकु की स्थिति निर्मित हो गई है। हालांकि यहां पर भी भाजपा के समर्थन से ही सरकार बनने के आसार हैं। 

तीन राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा के खेमे में एक बार फिर जोरदार जश्न का माहौल है। बता दें कि आने वाले दोनों साल देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पूर्वोत्तर के इन तीन राज्यों के बाद देश के तीन प्रमुख राज्यों में भी इसी साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। इनमें से राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो थी, लेकिन अब भाजपा की सरकार चल रही है। 
 

बहरहाल त्रिपुरा में पूर्ण बहुमत के लिए 31 सीटों की आवश्यकता थी, जबकि भाजपा को यहां 33 सीटों पर जीत हासिल हुई है, लिहाजा भाजपा को सरकार बनाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। वहीं नागालैंड में भाजपा ने बहुमत से 6 सीट अधिक हासिल किया है। ऐसे में सरकार बनाने का प्रस्ताव भाजपा को मिलना तय है। 
 

त्रिपुरा-नगालैंड में बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा का दिल से शुक्रिया। ये स्थिरता और विकास के लिए वोट है। त्रिपुरा में बीजेपी विकास के लिए आगे भी काम करती रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं पर मुझे गर्व है। वहीं प्रधानमंत्री ने नागालैंड और मेघालय की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यही विश्वास देश के विकास का प्रतीक है।

 

----------