रायपुर

CRIME NEWS : राजधानी में दिनदहाड़े हत्या का प्रयास... सीसीटीवी में कैद हुई वारदात... घायल की हालत गंभीर

रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटा में एक बदमाश ने एक युवक पर दिनदहाड़े प्राणघातक हमला कर दिया। उसकी नीयत युवक को जान से मारने की थी, लेकिन उसमें वह सफल नहीं हो पाया, पर युवक के अधमरा होते तक बदमाश ने उस युवक पर हमला किया था। युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने भी उस दौरान उसकी मदद नहीं की। हमले की वजह से युवक बुरी तरह लहुलुहान हो गया था, जिसकी वजह से सड़क पर खून ही खून बिखरा था। मारपीट की इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। 

बताया जा रहा है कि महेश घृतलहरे कोकाकोला के डीपो में सेल्समेन का काम करता है। कोटा में ही इसका घर है। 17 मार्च शुक्रवार को ये अपने घर के पास सैलून में बाल कटवाने पहुंचा था। पीछे से इसी इलाके में रहने वाला बदमाश राजू यादव ईंट लेकर आया। उसने महेश को सैलून से बाहर निकाला और पीटने लगा।
 

बीच सड़क पर लाकर कई बार ईंट से महेश को मारा। उसके हाथ से ईंट गिर रही थी वो बार-बार ईंट को उठाकर महेश पर जानलेवा हमला कर रहा था। काफी खून बहने लगा ताे ये देखकर राजू भाग गया। ये घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

घटना के बाद महेश सड़क पर ही खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसने किसी तरह से पुलिस की डायल 112 से मदद ली। तब डायल 112 मौके पर पहुंची। तत्काल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी हुई। फिर परिजनों को पुलिस ने ही जानकार दी थी। इसके बाद परिजन भी अस्पताल में पहुंचे। फिलहाल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है।

वहीं महेश की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उसके बाद कोटा इलाके में ही आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका महेश के साथ झगड़ा हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए उसने महेश पर हमला किया था। पुलिस ने राजू के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 307 के तहत अपराध दर्ज किया है।