फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लाखों की ठगी, जामताड़ा गिरोह के 4 गिरफ्तार
2023-03-20 05:32 PM
213
रायपुर। राजधानी पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर देश भर में लोगों को अपने झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले जामताड़ा गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने धरसींवा निवासी प्रवीण कुमार वर्मा से 7.52 लाख रुपये की ठगी की थी। सभी आरोपी है मूलतः देवघर एवं रांची झारखंड के निवासी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रवीण कुमार वर्मा ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह शारडा एनर्जी कंपनी सिलतरा मे फिटर का कार्य करता है तथा उसका एक्सिस बैंक में खाता संचालित है। 3 फरवरी 2023 को फोन-पे कस्टमर केयर के नम्बर पर फोन लगाकर बैंक खाता से 1124 रुपये आहरण होने के संबंध में शिकायत किया था। जिस पर कस्टमर केयर द्वारा प्रार्थी को अपने वरिष्ठ अधिकारी से बात कराता हूं कहा गया। थोड़ी देर बाद 725802332 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने फोन-पे एप खोलने के लिए कहा और ओटीपी मांगा। जिसके बाद सामने वाले ने कुछ दिनों में पैसा वापस आने की बात कहीं। 8 फरवरी को प्रवीण एटीएम गया तो उसे पता चला कि उसके एटीएम का पिन चेंज हो गया है। इस दौरान उसके बैंक खाते से 7,52,665 रूपये का आहरण हो गया था। जिसके बाद प्रवीण ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने जिन मोबाईल नंबरों से प्रार्थी के मोबाईल पर फोन किया गया था, उन मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही जिन खातों में रकम स्थानांतरित किए गए थे, उन खातों के संबंध में भी संबंधित बैंकों से दस्तावेज व जानकारी प्राप्त की। जिसके बाद पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी भोला कुमार रवानी निवासी देवघर को चिन्हांकित किया। जिस पर टीम के सदस्यों को झारखण्ड पहुंच भोला कुमार रवानी को पकड़ा गया। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने अन्य साथी जितेन्दर लोहरा, देवनारायण पहान एवं अतुल तिर्की निवासी रांची झारखण्ड के साथ मिलकर उक्त ठगी की घटनाओं को कारित करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार अरोपी
पुलिस ने भोला कुमार रवानी पिता स्व. बासकी रवानी उम्र 30 साल निवासी ग्राम भालगढ़हा करौ थाना करौ जिला देवघर झारखंड, जितेन्दर लोहरा पिता सुन्दर लोहरा उम्र 20 साल निवासी ग्राम सतरातु कर्मा टोली थाना ठाकुरगांव जिला रांची झारखंड, देवनारायण पहान पिता सोमरा पहान उम्र 20 साल निवासी ग्राम पतरातु थाना ठाकुरगांव जिला रांची झारखंड और अतुल तिर्की पिता तुलसी तिर्की उम्र 19 साल निवासी ग्राम छेहल पावा टोली थाना पण्डरा जिला रांची झारखंड को गिरप्तार किया है।