रायपुर

बेमौसम बारिश पर सदन हुआ गर्म... विपक्ष ने दिया स्थगन... आसंदी ने बाद में चर्चा का दिलाया भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का अंतिम सप्ताह जारी है। मंगलवार की बैठक के बाद अब केवल सदन की बैठक और कार्यवाही के लिए अंतिम ढ़ाई दिनों का समय शेष है, जिसके बाद सत्रावसान की घोषणा होनी है। इससे पहले आज विपक्ष ने प्रदेश में बेमौसम बारिश के साथ ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर स्थगन प्रस्ताव दिया। जिसे आसंदी ने अस्वीकार कर दिया, लेकिन विपक्ष के हंगामे के बाद, इस मसले पर बाद में चर्चा कराए जाने का भरोसा दिलाया। 

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इन 6 दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बेमौसम बारिश हुई है, तो ओलावृष्टि भी हुई है। प्रदेश की जनता को बेचैन करनी वाली गर्मी से भले राहत मिली है, लेकिन इस बेमौसम बारिश की वजह से किसानों को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। 

प्रदेश के किसानों के नुकसान को लेकर आज विपक्ष ने शून्यकाल में स्थगन प्रस्ताव दिया और सदन की कार्यवाही को रोककर चर्चा कराए जाने की मांग रखी। आसंदी पर विराजित विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, इस पर भाजपा विधायक हंगामा करने लगे। विपक्ष के इस हंगामे को देखते हुए आसंदी ने व्यवस्था देते हुए इस मामले पर बाद में चर्चा कराने का भरोसा विपक्ष को दिलाया। तब जाकर विपक्ष ने हंगामा बंद किया और कार्यवाही में भाग लिया।