रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 14 वां दिन है। विधानसभा सचिवालय की अधिसूचना के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद सत्रावसान की घोषणा कर दी जाएगी। इससे पहले आज निर्धारित समय 11 बजे सदन की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
उल्लेखनीय है कि पहला घंटा प्रश्नकाल का होता है। आज कार्यवाही शुरु होते ही छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज स्पीकर चरणदास महंत ने पूर्व विधायक श्रीमति नीलिमा सिंह टेकाम के निधन की सूचना दी। इसके बाद सत्ता पक्ष की ओर से मोहम्मद अकबर, मोहन मरकाम और विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने डोंडीलोहारा की पूर्व विधायक दिवंगत नीलिमा सिंह टेकाम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। अंत में सभी सदस्यों ने खड़े होकर दिवंगत सदस्य को 2 मिनट मौन श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दिवंगत नेता के सम्मान में स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
बता दें कि पूर्व विधायक नीलिमा टेकाम लंबे समय से बीमार चल रही थीं। अस्पताल में उनका उपचार भी चल रहा था, लेकिन कल उनके निधन की सूचना मिली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया था। आज उनके निधन की सूचना विधानसभा में दी गई, जिसके बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सदन की कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित किए जाने की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने की।