अब यहां लगी सरदार पटेल की प्रतिमा, जानिए कितनी ऊंची और कितनी लंबी
2023-03-25 10:54 AM
455
रायपुर। राजदान रायपुर के मंडी रोड स्थित लाल चौक में राष्ट्रीय एकता एवं संप्रभुता के प्रतिपालक सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति का अनावरण छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की कीर्ति भारत के लौह पुरूष के रूप में है। वे अग्रणी स्वंत्रतता संग्राम सेनानी, किसान नेता थे। देश के एकीकरण में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। सरदार वल्लभ भाई के विचार व कार्य सिर्फ गुजराती समाज ही नहीं पूरे देश के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणादायक हैं।

रायपुर स्मार्ट सिटी द्वारा गुजराती समाज एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुमोदन उपरांत उक्त प्रतिमा का प्रारूप तैयार कराया गया। लगभग 65 कि.ग्रा. की 14 लाख 50 हज़ार रुपए से बनी यह प्रतिमा तीन फीट ऊंची एवं ढाई फीट चौड़ी है। लौह पुरूष की यह प्रतिमा जीएफआरपी (Glass Fiber Reinforced Polymer) से बनी है, जो उत्कृष्ट संक्षरण और थर्मल प्रतिरोधी है। प्रतिमा का निर्माण स्थानीय मूर्तिकार श्री बिजॉय गोपाल घोष ने किया है एवं चौक सौंदर्यीकरण नगर निगम द्वारा कराया गया है। प्रतिमा स्थल पर ग्रेनाइट से निर्मित चबूतरे का निर्माण कर लाइटिंग एवं एक्रेलिक बोर्ड से सजावट की गई है।
इस अवसर पर विधायक और छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा ने कहा कि सरदार पटेल न सिर्फ आजादी के आंदोलन के मुख्य सूत्रधार रहे, बल्कि एक दूरदर्शी, सेवाभावी व प्रतिबद्धतापूर्ण राजनेता थे, जिन्होंने नव स्वतंत्र भारत में राष्ट्रीय एकता के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित होने से समाज गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने समाज के लोगों को बधाई दी। पाटीदार समाज के अध्यक्ष श्री मोहन भाई पटेल ने कहा कि लौह पुरूष के रूप में प्रतिष्ठित सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की मूर्ति अनावरण के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।