रायपुर

BIG NEWS : मुख्यमंत्री बघेल ने ईडी के छापे पर कहा... स्पष्ट होना चाहिए कि आखिर चाहते क्या हैं...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ईडी के लगातार छापों को लेकर भूपेश सरकार की भृकुटि तनी हुई है। रविवार को दुर्ग जिले के प्रवास पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री बघेल ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि बीते एक माह के भीतर प्रदेश में ईडी ने 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है, लेकिन अब तक उनके हाथ क्या लगा है, क्या बेनामी संपत्ति हासिल हुई है, किन काले कारनामों में प्रदेश के लोगों की संलिप्पता पाई गई है..? इनमें से किसी भी बात का खुलासा नहीं किया है। 

मुख्यमंत्री भूपेश आज दुर्ग जिले के ग्रामीण विधानसभा के प्रवास पर हैं। इससे पहले पुलिस लाइन में सीएम बघेल ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। उन विषयों में सबसे ज्यादा गंभीर मुख्यमंत्री बघेल ईडी की छापामार कार्रवाई को लेकर नजर आए। 
 

सीएम बघेल ने कहा कि ईडी छापामार कार्रवाई कर रही है, इस बात से एतराज नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी भ्रष्टाचार के खिलाफ है और उचित कार्रवाई में साथ देने के लिए भी तैयार है, लेकिन छत्तीसगढ़ में जिस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और कारोबारियों को टारगेट किया जा रहा है, वह इस बात की ओर इशारा करते हैं कि सेंट्रल एजेंसी का राजनीतिक द्वेष और कांग्रेस को अस्थिर करने के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है।