बस्तर में हो रहे मातृशक्ति सम्मेलन में शामिल होंगी प्रियंका, सीएम भूपेश ने दिया न्योता
2023-04-05 12:55 PM
343
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनावी सरगर्मी बढ़ने लगी है। विधानसभ चुनाव के पहले जहां एक ओर प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाला हुआ था। वहीं दूसरी ओर बस्तर में मातृशक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा गांधी को बस्तर आने का न्योता दिया है। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने बस्तर आने पर अपनी सहमति दे दी है।
प्रियंका गांधी 12 अप्रैल को बस्तर आएंगी। बस्तर में 12 अप्रैल को महिला सम्मेलन का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में मातृशक्ति सम्मेलन होगा। मैंने प्रियंका गांधी को बस्तर आने का न्योता दिया है। राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी सहायिकाओं, महिलाकर्मियों की इच्छा से बड़ा आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा 12 अप्रैल को बस्तर के दौरे पर आएंगी। प्रियंका यहां महिला सम्मेलन में भाग लेंगी। राज्य सरकार ने बजट में मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौगात दी है। इसको लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बस्तर में होने जा रहा है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी बस्तर की सभा से चुनावी अभियान की भी शुरुआत करेंगी। बस्तर की सभी 12 विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक हैं। ऐसे में प्रियंका की सभा को काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने राजधानी रायपुर के जोरा मैदान में 26 फरवरी में सभा की थी।